दिनेश पाटले
पचपेड़ी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़ी का वर्ष 2025 में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में उन्नयन किया गया था। लेकिन उन्नयन के बाद आज तक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़ी का बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, जिससे शासन द्वारा किए गए उन्नयन का वास्तविक लाभ आम नागरिकों को मिलता दिखाई नहीं दे रहा है।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़ी में नवपदस्थ कर्मचारियों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में कार्य लेने के बजाय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मस्तूरी में बीएमओ एवं बीपीएम द्वारा संलग्न कर कार्य लिया जा रहा है। इस संबंध में क्षेत्रवासियों द्वारा सीएम हेल्पलाइन में शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि पचपेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए शासन द्वारा नवपदस्थ किए गए कृष्ण कुमार साहू, सहायक ग्रेड-2 एवं दीपक साहू, ड्रेसर को पचपेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ही कार्य लिया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के ग्रामीणों एवं आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
पचपेड़ी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की बड़ी आबादी स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इसी केंद्र पर निर्भर है। ऐसे में यदि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए स्वीकृत एवं नवपदस्थ कर्मचारियों को अन्य स्थान पर संलग्न रखा जाता है, तो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन का उद्देश्य प्रभावित होता है।
क्षेत्रवासियों ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि पचपेड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का बोर्ड तत्काल लगाया जाए तथा नवपदस्थ सहायक ग्रेड-2 कृष्ण कुमार साहू एवं ड्रेसर दीपक साहू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़ी में ही कार्य करने हेतु निर्देशित किया जाए।
साथ ही, इस मामले की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़ी के लिए स्वीकृत मानव संसाधन का उपयोग पचपेड़ी में ही हो, जिससे आम नागरिकों को शासन की स्वास्थ्य योजनाओं एवं चिकित्सा सुविधाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में आंदोलन एवं उच्च अधिकारियों के समक्ष ज्ञापन देने का निर्णय लिया जा सकता है।




0 Comments