मस्तूरी की जर्जर सड़कों पर जनप्रतिनिधियों का अल्टीमेटम, एक माह में स्वीकृति नहीं तो भूख हड़ताल लवर–गिधपुरी, केवतरा–चिल्हाटी और बकरकुदा–मटिया मार्ग की बदहाली से ग्रामीण, किसान और स्कूली बच्चे परेशान

दिनेश पाटले :-

मस्तूरी। मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कई ग्रामीण सड़कें पिछले कई वर्षों से अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं। इन सड़कों से आवागमन करने वाले ग्रामीणों, किसानों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की खराब स्थिति के कारण कृषि कार्यों के लिए आने-जाने वाले किसानों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं।



क्षेत्र के लवर से गिधपुरी पहुंच मार्ग, ग्राम पंचायत केवतरा से चिल्हाटी पहुंच मार्ग तथा ग्राम बकरकुदा से मटिया पहुंच मार्ग लंबे समय से खराब हालत में बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि इन मार्गों के लिए जल्द से जल्द प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य शुरू कराया जाए। 



केंद्रीय राज्य मंत्री से लेकर कलेक्टर तक सौंपा ज्ञापन

सड़कों की समस्या को लेकर जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत एवं कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उक्त सड़कों के निर्माण एवं सुधार की मांग की गई है। ज्ञापन के माध्यम से जनप्रतिनिधियों ने सड़क की समस्या का शीघ्र निराकरण कराने की मांग रखी है।



एक माह की समय-सीमा, मांग पूरी नहीं हुई तो भूख हड़ताल

जिला पंचायत सदस्य दामोदर कांत एवं उनके कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक माह के भीतर संबंधित सड़कों के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी नहीं होती है, तो वे ग्रामीणों एवं कार्यकर्ताओं के साथ भूख हड़ताल शुरू करेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्षों से सड़क की बदहाली झेल रहे ग्रामीणों की समस्या को अब और नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। प्रशासन से अपेक्षा है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर सड़कों के निर्माण का रास्ता साफ किया जाए।

Post a Comment

0 Comments