दिनेश पाटले :-
पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के दिशानिर्देशों में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मधुलिका सिंह के निर्देशन तथा थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के अंतर्गत पचपेड़ी थाना क्षेत्र में आम नागरिकों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आम नागरिकों की कलाई में “साइबर जागृति” के नाम से रक्षा सूत्र बांधकर साइबर अपराध से बचाव एवं सतर्कता का संदेश दिया। इस अवसर पर नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी, एटीएम/बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया गया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक संबंधी जानकारी अथवा पासवर्ड साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
रक्षा सूत्र केवल कलाई पर नहीं, बल्कि साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सतर्कता का संकल्प है।


0 Comments