दिनेश पाटले :-
नया तालाब के पास मौत का खतरा बरकरार, शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार बेखबर
पचपेड़ी। पचपेड़ी के नया तालाब के पास बिजली का खंभा पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से गिरा पड़ा है, लेकिन विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की नजर अब तक इस गंभीर समस्या पर नहीं पड़ी है। खंभे के इस तरह पड़े रहने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग को मामले की जानकारी होने के बावजूद अब तक खंभे को हटाने या नया खंभा लगाने की कोई ठोस पहल नहीं की गई है। आखिर विभाग किसी दुर्घटना का इंतजार क्यों कर रहा है?
नया तालाब के आसपास लोगों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में गिरा हुआ विद्युत खंभा और उससे जुड़े तार लोगों के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। यदि समय रहते विभाग ने कार्रवाई नहीं की और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?
जेई की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल
पचपेड़ी क्षेत्र के विद्युत विभाग के जेई की कार्यप्रणाली को लेकर भी अब सवाल उठने लगे हैं। क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़ी घटना के बाद ही जागेंगे? एक सप्ताह से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी खंभा जस का तस पड़ा होना विभागीय लापरवाही की ओर इशारा करता है।
ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके का निरीक्षण कर गिरे हुए खंभे को हटाया जाए और नया खंभा लगाया जाए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।
अब सवाल यह है कि बिजली विभाग कार्रवाई कब करेगा—हादसा होने से पहले या हादसा होने के बाद?


0 Comments