दिनेश पाटले :--
अवैध शराब बिक्री और कथित दलालों पर क्या चलेगा डंडा? नई थाना प्रभारी से जनता को उम्मीद...
पचपेड़ी। मस्तूरी जनपद क्षेत्र अंतर्गत थाना पचपेड़ी में नई थाना प्रभारी के रूप में कमला पुसाम ने रविवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार ग्रहण करते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों एवं थाना स्टाफ ने उनका स्वागत करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। लोगों ने आशा जताई है कि उनके नेतृत्व में थाना क्षेत्र में कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आम जनता को बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा।
पचपेड़ी थाना क्षेत्र लंबे समय से विभिन्न सामाजिक और कानून व्यवस्था संबंधी चुनौतियों का सामना करता रहा है। क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है। इसके अलावा थाना परिसर और पुलिस कार्यों में कथित रूप से दलाली करने वाले कुछ लोगों की सक्रियता को लेकर भी समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में नई थाना प्रभारी के सामने इन समस्याओं पर प्रभावी कार्रवाई करना एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अवैध शराब कारोबार पर सख्ती से अंकुश लगाया जाता है तो क्षेत्र में होने वाले कई अपराधों और सामाजिक बुराइयों पर स्वतः नियंत्रण पाया जा सकता है। वहीं थाना में दलालों की भूमिका समाप्त होने से आम नागरिकों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और मजबूत होगा।क्षेत्रवासियों की नजर अब नई थाना प्रभारी कमला पुसाम की कार्यशैली पर टिकी हुई है। लोगों को उम्मीद है कि वे निष्पक्ष एवं प्रभावी पुलिसिंग के माध्यम से अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ-साथ आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करेंगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या नई थाना प्रभारी क्षेत्र में खुलेआम बिक रही अवैध शराब पर प्रभावी कार्रवाई कर पाएंगी और थाना में कथित दलाली संस्कृति पर लगाम लगा सकेंगी? इसका जवाब आने वाले दिनों में उनकी कार्यशैली और कार्रवाई से स्पष्ट होगा।

0 Comments